बगीचे में सिरके का उपयोग करने के 7 तरीके

बहुत से लोग इस बात से अनजान हैं कि सिरका उनके बगीचे की कई समस्याओं का समाधान कर सकता है। बगीचे में सिरके का उपयोग करने के तरीके जानने के लिए पढ़ें।
बगीचे में सिरके का उपयोग करने के 7 तरीके

आखिरी अपडेट: 20 जून, 2019

इस लेख में  हम आपको बगीचे में सिरके का उपयोग करने के 7 तरीके दिखाते हैं। हम सब जानते हैं कि कई घरेलू वस्तुओं का उपयोग अन्य उद्देश्यों के लिए भी किया जा सकता है। सिरका निश्चित रूप से उनमें से एक है। क्या आप जानते हैं कि यह आपके पौधों के लिए भी उपयोगी हो सकता है?

लोग अक्सर उन वस्तुओं के गुणों से अनजान होते हैं, जिनका वे हर दिन उपयोग करते हैं। इसलिए अपने बगीचे की समस्याओं को हल करने के लिए रसायनों को पहले विकल्प के रूप में देखते हैं। हालांकि यह हमेशा जरूरी नहीं है। सिरका एक प्राकृतिक उत्पाद है जो कई बगीचे की समस्याओं को हल कर सकता है।

बगीचे में सिरके का उपयोग करने के 7 तरीके

1. एक खरपतवार नाशक के रूप में

सिरका वास्तव में एक अम्लीय पदार्थ है, क्योंकि इसमें बहुत सा एसिटिक एसिड होता है। जब हम इसे उपभोग करते हैं,  तो यह रासायनिक प्रतिक्रियाओं का कारण बनता है। ठीक उसी प्रकार  यह पौधों के संपर्क में आने पर भी ऐसी ही रासायनिक प्रतिक्रियायें करता है।

हालांकि, इसके खरपतवार-विरोधी प्रभाव लंबे समय तक नहीं चलते हैं। इसलिए सिरका अन्य उत्पादों या यहां तक ​​कि हाथ से खरपतवार हटाने जितना प्रभावी नहीं होगा। लेकिन यह टाइलों के जोड़ों जैसी जगहों में अपने आप उग आने वाले छोटे-मोटे पौधे को हटाने के लिए वाकई उपयोगी हो सकता है।

2. एक एंटी-फंगल के रूप में

अपने बगीचे में सिरके का उपयोग करने से आप अपने पौधों पर लगे फंगस से छुटकारा पा सकते हैं। इसका प्रभाव बेकिंग सोडा के समान होता है। बेकिंग सोडा पीएच बढ़ाता है और एक क्षारीय वातावरण बनाता है, जो फंगस को फैलने से रोकता है। इसके विपरीत सिरका इसे कम करके एक अम्लीय वातावरण बनाता है जो फंगस के लिए प्रतिकूल होता है।

बगीचे में सिरके का उपयोग - एंटी फंगल के रूप में

दो लीटर पानी में एक चम्मच सिरका मिलाएं। सप्ताह में दो बार और बारिश होने के बाद पत्तियों पर छिडकें।

3. अधिक अम्लीय मिट्टी के लिए

जैसा कि ऊपर बताया गया है, सिरका पर्यावरण के पीएच को कम करता है। इस मामले में, हम इसे अधिक अम्लीय मिट्टी पाने के लिए उपयोग करेंगे। आपको केवल एक काम करना है। वह है एक गैलन पानी के साथ एक कप सिरका मिलाकर उसे मिट्टी पर डालना।

ऐसा करना उन पौधों के लिए खास तौर पर सकारात्मक होगा, जिन्हें अम्लीय मिट्टी की आवश्यकता होती है। जैसे अज़ालिया, गुलाब, लैवेंडर, ब्लूबेरी और गार्डीनिया। यह पृथ्वी को लौह रिलीज़ करने में मदद करेगा,  जो पौधों के लिए एक बहुत ही फायदेमंद खनिज है।

4. एक चींटी प्रतिरोधी के रूप में

बगीचे में चींटी भगाने में सिरके का उपयोग

यदि आपके बगीचे में चींटियों का बिल है, तो आप इसके लिए सिरके का उपयोग कर सकते हैं। बस दो दिनों के लिए उस पर बिना घुले सिरके का स्प्रे करें। आप देखेंगे कि धीरे-धीरे सब चींटियां गायब हो गयी हैं।

आप इसे अपने घर के अन्य क्षेत्रों में भी कर सकते हैं। सिरका सबसे प्रभावी प्राकृतिक कीटनाशकों में से एक है। साथ ही, इसका कोई प्रतिकूल स्वास्थ्य प्रभाव भी नहीं है।

यह अन्य प्रकार के कीड़ों पर भी काम करता है, जो आपके पौधों पर हमला कर सकते हैं। यदि आप अपने पौधों की पत्तियों पर सिरके का छिड़काव करते हैं, तो आप घोंघे और स्लग को भी उनसे दूर रख सकते हैं।

5. गमले में लगे पौधों के लिए एक उर्वरक के रूप में

सिरका आपके गमले वाले पौधों को ज्यादा स्वस्थ बनाये रखने में भी मदद कर सकता है। तीन लीटर पानी के साथ सेब के सिरके के दो चम्मच मिलाएं और उन्हें स्प्रे करें। जल्दी ही आपको बढ़िया परिणाम दिखाई देंगे!

6. फूलों को लंबी उम्र देने वाले के रूप में

यदि आपको फूलदान में फूल सजाना पसंद है, तो इसमें सिरका आपका सबसे बड़ा सहयोगी हो सकता है। यदि आप फूलों पर सिरके का उपयोग करते हैं तो आपके फूल लंबे समय तक टिके रहेंगे। बस एक लीटर पानी में इस तरल के दो चम्मच और साथ ही चीनी के दो चम्मच मिलाएं। फिर, इस मिश्रण को अपने फूलदान में डालें और फूल उसमें सजा दें।

उसके बाद उनकी सामान्य देखभाल करते रहें। लगभग हर 5 दिनों में  फूलों की डंडियों को काट दें और पानी बदल दें।

7. अपने बगीचे के औजारों से जंग को हटाने के लिए

जी हां,  सही पढ़ा आपने। सिरका केवल आपके पौधों के लिए ही उपयोगी नहीं है। आपके बगीचे के उपकरण भी इसके गुणों से लाभ उठा सकते हैं।

यदि आप जंग लगे औजारों से काम कर-कर के थक गए हैं, तो उन्हें ऐसे साफ़ करें। उन पर शुद्ध सिरका लगा कर कुछ देर छोड़ दें। कुछ देर बाद पानी से धो लें। एक और अच्छा विकल्प है, सीधे शुद्ध सिरके में औजारों को भिगो देना। दोनों विधियां बहुत ही आसान और प्रभावी हैं।

अपने अनगिनत उपयोगों के साथ सिरका निश्चित रूप से एक उत्कृष्ट उत्पाद है। अधिकांश लोग इसके गुणों से अनजान हैं और इनसे उतना लाभ नहीं उठाते, जितना वे उठा सकते हैं।




यह पाठ केवल सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए प्रदान किया जाता है और किसी पेशेवर के साथ परामर्श की जगह नहीं लेता है। संदेह होने पर, अपने विशेषज्ञ से परामर्श करें।